Publisher Theme
I’m a gamer, always have been.

सतपुड़ा की वादियों में हुई सम्पूर्णता अभियान की समीक्षा

0 50

रामलाल सोलंकी बौद्धिक भारत बड़वानी

बड़वानी 03 अगस्त 2024/भारत सरकार नीति आयोग के आकांक्षी जिला विकास कार्यक्रम के तहत सम्पूर्ण बड़वानी जिला एवं आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के तहत विकासखण्ड पाटी जो कि आकांक्षी विकासखण्ड में शामिल है। विकासखण्ड पाटी सतपुड़ा की वादियों में वनांचल में बसा हुआ है। यहां की भौगोलिक संरचना एवं ग्रामीणों के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों के फलियों में निवास करने के कारण स्वास्थ्य एवं पोषण सम्बन्धी सेवाओं की उपलब्ध्ता चुनोतिपूर्ण हैं इसलिए इनके कमज़ोर मानव सूचकांकों के कारण पाटी विकासखण्ड को आकांक्षी विकासखण्ड में सम्मिलित किया गया है। विकासखण्ड के ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार हेतु भारत सरकार द्वारा सम्पूर्णता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत अगले 2 माह में दृढ़ संकल्पित होकर काम करने की आवश्यकता है। कलेक्टर डॉ. राहुल फटिंग ने उक्त बाते शनिवार को बावनगजा स्थित वन विभाग के चेतना केंद्र स्थित विश्राम गृह में आयोजित बैठक के दौरान सम्पूर्णता अभियान की समीक्षा करते हुए कही। इस दौरान कलेक्टर ने बताया कि आकांक्षी विकासखण्ड पाटी के लिए स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि एवं सोशल डेवलपमेंट क्षेत्र से सम्बंधित 6 इण्डिकेटर्स पर कार्य करना है तथा आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि एवं शिक्षा के क्षेत्र में 6 इण्डिकेटर्स पर संबंधित विभागों को कार्य करते हुए शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति कर सैचुरेट करना है। स्वास्थ्य विभाग के सूचकांकों पर समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि समस्त गर्भवती महिलाओं का प्रथम त्रैमास में ही पंजीयन किया जाये एवं बच्चों का टीकाकरण भी शत प्रतिशत कर इसकी मानिटरिंग की जाये। अगर कही टीकाकरण छूटा हुआ है तो इसके लिए विशेष अभियान चलाकर प्रयास किया जाये। साथ ही 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों की हाइपरटेंशन और डायबिटीज की स्वास्थ्य जांच भी की जाये। इसमें गंभीर बीमारियों की श्रेणी अनुसार मरीजों का चिन्हांकन किया जाये। शिक्षा विभाग के सूचकांक के संबंध में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हो चुका है तथा शालाओं में बच्चों के प्रवेश भी हो गये है, अतः शतप्रतिशत बच्चों को पाठ्य पुस्तक का वितरण किया जाये। वही जिले की समस्त हायर सेकेण्डरी शालाओं में विद्युत व्यवस्था की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाये। सभी बच्चों के टीकाकरण के लिए बनाया जाये इन्द्रधनुष कार्नर – कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में नवाचार के तहत दुर्गम क्षेत्रों में टीकारण कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को अपना सामान रखने हेतुं प्रत्येक टीकाकरण साइट पर एक इन्द्रधनुष कार्नर बनाया जाये इसके तहत 3 खानों वाली छोटी अलमारी कार्यकर्ता को दी जाये जिससे वह उसमें स्वास्थ्य संबंधित उपकरण एवं दवाईयां रख सके। अलमारी को टीकाकरण केन्द्र के पास किसी सुरक्षित स्थान पर या ग्राम की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सरपंच या जिम्मेदार व्यक्ति के घर रखा जाये। इन्द्रधनुष कार्नर बनने से स्वास्थ्य कर्मियों को यह सुविधा होगी कि उन्हे टीकाकरण दिवस पर दुर्गम स्थानों पर अधिक वजन के संसाधन लेकर नही जाना पड़ेगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री आरएस गुण्डिया, उप संचालक कृषि श्री आरएल जामरे, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अजय गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री योगेश तिवारी सहित अन्य जिलाधिकारी एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.