अजय जोशी बौद्धिक भारत बड़वानी
बड़वानी 03 जून 2024/नमामि गंगे परियोजना अंतर्गत शासन स्तर से दिनांक 05 जून विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर 16 जून गंगा दशहरा की अवधि में चलाए जा रहे। जल संरक्षण संबंधित अभियान अंतर्गत जनपद पंचायत बड़वानी के सभागृह में ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं विभागीय अमले की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री भूपेन्द्रसिंह रावत के द्वारा सभी विभागीय अधिकारीयो को इस अवधि में प्रतिदिन किये जाने वाले कार्यो की कार्ययोजना तैयार कर सतत कार्य करने हेतु निर्देश दिये गये। श्री रावत द्वारा कृषि विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपस्थित अधिकारियों को पूर्व में निर्मित जल संरक्षण संबंधित कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने, मानीटरिंग करने के साथ ही तकनीकी मार्गदर्शन ग्राम पंचायतो को दिये जाने हेतु निर्देशित किया गया।

उल्लेखनीय है कि इस अभियान के अंतर्गत 05 वर्ष पूर्व निर्मित तालाबो, स्टाप डेम के कार्यों के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत संबंधित कार्याे को जनभागीदारी के साथ किये जाने के निर्देश दिये गये है। सभी ग्राम पंचायतो में मनरेगा, 15वां वित्त, स्वच्छ भारत मिशन आदि योजनाओ के माध्यम से जल संरक्षण के प्रचलित कार्यों को पूर्ण किये जाकर मरम्मत योग्य जल संरचनाओ के मरम्मत कार्य किये जाने है। बैठक में एमएल काग मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आर. के. गुप्ता अनुविभागीय अधिकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विरेन्द्र मलिक सहायक यंत्री, मुकेश कुमार वर्मा बीपीओ, देवा शिमले स्वच्छ भारत मिशन, उपयंत्री कलस्टर प्रभारी आदि उपस्थित थे।