हरीश कुमार गोयल बौद्धिक भारत समाचार
माउंट आबू । उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही बर्फीली हवा ने माउंट आबू को भी बर्फीला बना दिया है। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले रविवार को न्यूनतम तापमान माइनस 7 डिग्री दर्ज किया गया था, जिससे सर्दी का 28 साल का रिकॉर्ड टूट गया था। तापमान माइनस 6 डिग्री होने से सुबह फूल-पत्तियों, गाड़ियों के कांच, घास और फसलों पर बर्फ की परत जमी दिखी। ठंड के कारण लोगों के हाथ-पांव सुन्न हो गए। माउंट आबू में इस साल जनवरी महीने के 16 दिनों में 7 दिन न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया, जबकि 2 दिन पारा जीरो डिग्री पर दर्ज किया गया। शहर में 2 जनवरी को न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 डिग्री, 3 जनवरी को माइनस -1 डिग्री, 5 जनवरी को माइनस -6 डिग्री, 6 जनवरी माइनस 1 डिग्री, 14 जनवरी को माइनस 4 डिग्री, 15 जनवरी को माइनस 7 डिग्री, 16 जनवरी को माइनस 6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा 1 जनवरी और 4 जनवरी को न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री दर्ज किया गया था।