रानीवाड़ा तहसील रोड़ पर स्थित नट कॉलोनी के लोगों ने जिला कलेक्टर सहित प्रभारी मंत्री को अपनी बस्ती में पानी की गंभीर समस्या की जानकारी देकर अविलंब समाधान करने की मांग रखी है।
हितेंद्र जोशी बौद्धिक भारत समाचार
रानीवाड़ा तहसील रोड़ पर स्थित नट कॉलोनी के लोगों ने जिला कलेक्टर सहित प्रभारी मंत्री को अपनी बस्ती में पानी की गंभीर समस्या की जानकारी देकर अविलंब समाधान करने की मांग रखी है। राजकीय प्राथमिक स्कूल नट कॉलोनी के पास की नट बस्ती में 100 घर स्थित है। यहां पानी की समस्या को देखते हुए लोगों को खुद के खर्चे से टैंकर डलवाना पड़ता है। जिससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। रानीवाड़ा की इस बस्ती से दूषित पानी की निकासी नहीं होने से पानी का भराव रहता है। ऐसे में ग्रामीणों की शिकायत पर बिजली और पानी महकमें के अधिकारियों ने मुहिम चलाकर अवैध कनेक्शन कटवाए थे। बाद में अधिकारियों ने बिजली कनेक्शन को लेकर नई फाइलें भरकर नए कनेक्शन दे दिए, लेकिन जलदाय विभाग ने 100 नई फाइलें तैयार करवाई, जिस पर 40 हजार का खर्चा आया। लेकिन जलदाय विभाग के एईएन ने तमाम फाइलें जमा करने से मना कर दिया। ऐसे में नट बस्ती में पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। इस समस्या को लेकर युवा समाजसेवी जगदीश नट ने प्रभारी मंत्री सहित जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर इस समस्या की ओर ध्यान देने की गुहार लगाई है। लोगों ने बताया कि 40 हजार खर्च कर नियमानुसार कनेक्शन के लिए फाइलें तैयार करवाई, लेकिन फाइल जमा नहीं करने और नए कनेक्शन नहीं देना नियमों के विरूद्ध है। इसी तरह, नगरपालिका प्रशासन की नाकामी के चलते दूषित पानी की निकासी नहीं हो रही है। बिना तकनीकी जानकारी और बिना लेवल जांचें, ऊंची-नीची नालियां बनाई जा रही है। जिससे समस्याओं का निस्तारण नहीं होकर पैदा होना तय है। इस मौके पर विंदाराम, भावेश, रिडमल, पहलवान, सहित जनप्रतिनिधियों ने अन्य अधिकारियों सहित भाजपा-कांग्रेस के नेताओं से इस समस्या के निस्तारण के लिए निवेदन किया है।