मॉनिटरिंग कमेटी के दिशानिर्देशों पर नगर पालिका ने जारी की आम सूचना , माउंट आबू में सीमेंट बिकना होगी शुरू, दुकानों के लिए 23 तक जमा होंगे आवेदन।
हरीश कुमार गोयल बौद्धिक भारत समाचार
माउन्ट आबू । मॉनिटरिंग कमेटी में लिए गए निर्णय और दिशानिर्देशों की अनुपालन में नगर पालिका ने आम सूचना जारी कर सीमेंट की तीन दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं । यह आवेदन 23 जनवरी तक नगरपालिका में जमा कराए जा सकते हैं । मॉनिटरिंग कमेटी के निर्देशों पर राहत की शुरुआत हो चुकी है । अनुमति प्राप्त निर्माणकर्ताओं को सीमेंट लाने के लिए अवांछित खर्च नहीं करना पड़ेगा और अंकित मूल्य पर सीमेंट माउंट आबू में ही उपलब्ध होगा । नगर पालिका द्वारा जारी आम सूचना में कहा गया है कि सीमेंट विक्रेता के पास अधिकृत एजेंसी होनी चाहिए । तीन दुकानों के लिए 3 से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर दुकानों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी । दुकानदार अधिकतम 500 बैग स्टॉक में रख सकेगा । उपखंड कार्यालय से टोकन प्राप्त होने के बाद ही सीमेंट विक्रेता से सीमेंट खरीदा जा सकेगा । सीमेंट विक्रेता बेचें गए सीमेंट तथा टोकन का समस्त रिकार्ड संधारित करेंगे और प्रति सप्ताह उपखंड कार्यालय में जमा करेंगे । दुकानदार बेचे गए सीमेंट का बिल क्रेता को उपलब्ध कराएगा ।