ज्यपाल कलराज मिश्र की मौजूदगी में बुधवार को आंतरिक सुरक्षा अकादमी और सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
ग्रीष्मकालीन प्रवास पर माउंट आबू पहुंचे राज्यपाल कलराज मिश्र की मौजूदगी में बुधवार को आंतरिक सुरक्षा अकादमी और सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के बाद सीआरपीएफ आंतरिक सुरक्षा प्रशिक्षण के तहत पुलिस विश्वविद्यालय की ओर से दी जा रही शिक्षा और शोध का जमीनी स्तर पर उपयोग कर सकेगा। आंतरिक सुरक्षा अकादमी के निदेशक एम. एस. शेखावत और सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आलोक त्रिपाठी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। राज्यपाल कलराज मिश्र ने सीआरपीएफ और सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय, जोधपुर के बीच हुए एमओयू को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे देश में आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से सैद्धांतिक के साथ व्यावहारिक प्रयासों को गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सहमति पत्र पर हस्ताक्षर से सीआरपीएफ आंतरिक सुरक्षा प्रशिक्षण के अंतर्गत पुलिस विश्वविद्यालय की ओर से प्रदत्त शिक्षा और शोध का जमीनी स्तर पर प्रभावी उपयोग कर सकेगा। राज्यपाल कलराज मिश्र ने बुधवार को माउंट आबू स्थित आंतरिक सुरक्षा अकादमी का दौरा किया। उन्होंने अकादमी के अधिकारियों से यहां की कार्यप्रणाली के बारे में चर्चा की। राज्यपाल ने अकादमी में संचालित आंतरिक सुरक्षा से संबंधित पाठ्यक्रमों और ऑनलाइन कोर्सेज की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आंतरिक सुरक्षा की वर्तमान चुनौतियों के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समयानुरूप बनाए जाने की आवश्यकता जताई । आंतरिक सुरक्षा अकादमी के निदेशक एम.एस. शेखावत ने राजयपाल को स्मृति चिन्ह और इंडिया फ़र्स्ट पुस्तक की प्रति भेंट कर स्वागत किया। कमाण्डेन्ट श्री प्रेम चन्द ने आंतरिक सुरक्षा अकादमी की स्थापना, उद्देश्य एवं गतिविधियों के बारे में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी।