Publisher Theme
I’m a gamer, always have been.

राज्यपाल कलराज मिश्र ने बुधवार सुबह माउंट आबू स्थित आंतरिक सुरक्षा अकादमी का दौरा किया

0 22

राज्यपाल कलराज मिश्र ने बुधवार सुबह माउंट आबू स्थित आंतरिक सुरक्षा अकादमी का दौरा किया। उन्होंने अकादमी के अधिकारियों से यहां की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत रूप से चर्चा की। राज्यपाल ने वर्तमान में यहां संचालित आंतरिक सुरक्षा से संबंधित पाठ्‌यक्रमों और ऑनलाइन कोर्सेज की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आंतरिक सुरक्षा की वर्तमान चुनौतियों के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समयानुरूप बनाए जाने की आवश्यकता जताई।
अकादमी परिसर में राज्यपाल मिश्र का केंद्रीय रिजर्व पुलिस के महा निरीक्षक और आंतरिक सुरक्षा अकादमी के निदेशक एम.एस. शेखावत ने स्मृति चिन्ह एवं ‘इंडिया फर्स्ट’ पुस्तक की प्रति भेंट कर स्वागत किया। कमांडेंट प्रेम चन्द ने आंतरिक सुरक्षा अकादमी की स्थापना, उद्देश्य एवं गतिविधियों के बारे में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पूर्ण रूप से विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान राज्यपाल के प्रमुख सचिव सुबीर कुमार, प्रमुख विशेषाधिकारी गोविंदराम जायसवाल, उप कमांडेंट तेज प्रकाश सिंह सहित केन्द्रीय रिजर्व पुलिस के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
आंतरिक सुरक्षा अकादमी और सरदार पटेल पुलिस यूनिवर्सिटी में MOU
माउंट आबू स्थित राजभवन में आंतरिक सुरक्षा अकादमी और सरदार पटेल पुलिस यूनिवर्सिटी जोधपुर के बीच MOU (सहमति पत्र पर हस्ताक्षर) किया गया। यह एमओयू आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में वैश्विक चुनौतियों के संदर्भ में शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। राज्यपाल मिश्र ने इस एमओयू को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे देश में आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से सैद्धांतिक के साथ व्यावहारिक प्रयासों को गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सहमति पत्र पर हस्ताक्षर से सीआरपीएफ आंतरिक सुरक्षा प्रशिक्षण के अंतर्गत पुलिस यूनिवर्सिटी द्वारा प्रदत्त शिक्षा और शोध का जमीनी स्तर पर प्रभावी उपयोग कर सकेगा। आंतरिक सुरक्षा अकादमी के निदेशक एम. एस. शेखावत और सरदार पटेल पुलिस यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. आलोक त्रिपाठी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.