भीषण गर्मी के बीच गुजरात में गुजरात में प्री-मॉनसून एक्टिविटी शुरू हो गईं। मंगलवार दोपहर से ही दक्षिण गुजरात में कई जगह तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ा दी। तेज हवाओं के चलते आम की फसल को नुकसान पहुंचा है।
गुजरात में लगातार दूसरे दिन मौसम ने आज करवट ली है। अहमदाबाद, बनासकांठा समेत राज्य के कई इलाकों में आज सुबह से आसमान में भारी बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दक्षिण गुजरात समेत कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने बुधवार को भी गुजरात के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। वलसाड, नवसारी, दमन और दादरनगर हवेली में बारिश का अनुमान है। जबकि सूरत और तापी में सामान्य बारिश हो सकती है। इस बार जून के पहले सप्ताह में ही मॉनसून गुजरात में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने गुजरात में इस साल भी सामान्य मॉनसून रहने की संभावना जताई है।