14वीं दक्षिण एशियाई फुटबॉल प्रतियोगिता इंडो नेपाल इंटरनेशनल यूथ फुटबाल कप नेपाल में होगा। इसमें भारत की ओर से खेलने के लिए क्षेत्र के डबाल गांव के एक युवक सादिक खान का अंतिम चयन हुआ है। मंगलवार को सादिक भोपाल में आयोजित 7 दिवसीय प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए रवाना हुआ। भोपाल में 7 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद सादिक सीधा नेपाल जाएगा। फुटबॉल प्रशिक्षक हरिराम डारा ने बताया कि फुटबॉल का बेहतरीन खिलाड़ी सादिक बेहद गरीब परिवार से था। अच्छा खिलाड़ी होने के कारण उसको क्रीड़ा दल सांचोर, पीईइओ क्षेत्र डबाल के अध्यापक व ग्रामीणों द्वारा आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाया था। जिसके बदौलत उसने अच्छी तैयारी करके क्षेत्र का नाम रोशन किया है। फुटबॉल खिलाड़ी सादिक ने बताया कि स्कूल टाइम से फुटबॉल का शौक था। जिला टीम व राजस्थान की टीम में बतौर खिलाड़ी खेल चुका है। वह तीन बार राज्य स्तरीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता में खेल चुका है। जिसमें 2018 में हनुमानगढ़, 2019 में बूंदी व 2021 में उदयपुर शामिल है। इसके अलावा सादिक 13वीं राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता गांधीनगर अहमदाबाद में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुका हैं। सादिक को रवाना करते समय क्रीड़ा दल सांचोर के सदस्य धुडाराम ढाका, प्रकाश सियाक, पाबूराम धायल, पीके सारण, जगदीश जाणी, शैतान गोदारा, भेराराम लोल, विक्रम कड़वासरा, श्याम ढाका व दिनेश खिलेरी मौजूद रहे।