प्रकाश देवासी बौद्धिक भारत समाचार
चितलवाना थाना क्षेत्र के सिसावा गांव में कार की टक्कर से सड़क किनारे चल रहे युवक की मौत हो गई। कार की टक्कर से युवक करीब 10 फीट दूर गिर गया। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। मीठड़ा खुर्द (धोरीमन्ना) निवासी मृतक के भाई बाबू भील ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे हेमाराम (40) पुत्र शेराराम भील गांधव से बाखासर जा रहा था। इस दौरान सिसाबा गांव के पास पीछे से आ रही स्विफ्ट कार ने हेमाराम को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह करीब 10 फीट दूर जाकर गिर गया। हादसे के बाद कार सवार कार लेकर मौके से फरार हो गया। युवक के साथ में मौजूद लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक हेमाराम चितलवाना में रहकर मकान बनाने का काम करता था। फिलहाल मृतक के भाई ने चितलवाना थाने रिपोर्ट देकर कार सवार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।