शिक्षक, समाज और नयी पीढ़ी को संस्कारवान बनानें की एक महत्वपूर्ण कड़ी-अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश गोपाल सैनी।

भीनमाल जन-उपयोगी सेवाओं के लिए स्थाई लोक अदालत विषय पर विधिक चेतना शिविर आयोजित।

ललित होंडा बौद्धिक भारत भीनमाल

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार स्थानीय आदर्श विद्या मंदिर में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश गोपाल सैनी, अध्यक्ष संस्थान एडवोकेट बालूराम चौधरी, प्रधानाचार्य अमित व्यास एवं उप-प्रधानाचार्य रमाकांतदास की मौजूदगी में जन-उपयोगी सेवाओं के लिए स्थाई लोक अदालत विषय पर तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वाधान में विधिक चेतना शिविर का आयोजन हुआ। न्यायाधीश सैनी अपने संबोधन में कहा कि जन उपयोगी सेवाओं के लिए हर जिले में संचालित स्थाई लोक अदालत जहां परिवहन सेवा, बिजली व पानी, डाक सेवा, बीमा सेवा, हाउसिंग एवं रीयल स्टैट, पोस्टल सेवा , टेलीग्राफ एवं टेलीफोन सेवा, चिकित्सालय एवं डिस्पेंसरी सेवा, सार्वजनिक संरक्षण एवं जन स्वच्छता से संबंधित सेवाओं में सेवा प्रदाता संस्था व्यवस्थित सेवा देने में दोषी हों तो आमजन/पीड़ित इस संबंध में स्थाई लोक अदालत मंच के समक्ष आम नागरिक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। जहां सर्वप्रथम दोनों पक्षों के बीच समझाइश का प्रयास किया जाता है लेकिन समझौता शर्तों पर सहमति न बनने पर ऐसी स्थाई लोक अदालत में मामले कोर्ट की तरह ही मेरिट/गुणावगुण के आधार पर निर्णित किये जाते है।स्थाई लोक अदालत में प्रकरण आने के बाद वे अन्य न्यायालय के समक्ष नहीं रखे जा सकते तथा स्थाई लोक अदालत से फैसल मामले पर पालना नहीं होने पर विधि प्रक्रिया के तहत सिविल न्यायालय के माध्यम से उचित कार्रवाई की जा सकती है। न्यायाधीश ने स्थाई लोक अदालत से अलग लोक अदालतों व मीडियेशन के बारे में तथा उपभोक्ता संरक्षण मंच एवं जन-उपयोगी सेवाओं की स्थाई लोक अदालत के अन्तर के बारे में भी जानकारी दी। अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने कहा कि नयी पीढ़ी को संस्कारवान बनानें में शिक्षक की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका रहती है तभी समाज व देश को होनहार, निपुण, कर्मठ एवं सुसंस्कृत चरित्र के व्यक्तित्व मिलते हैं। इस तरह शिक्षक एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। कार्यक्रम में एडवोकेट बालूराम चौधरी ने छात्रों को सरल अंदाज में न्यायालयों में गरिमामय पदों पर आसीन व्यक्तित्व एवं उनकी कार्यशैली पर के बारे में जानकारी दी। प्रधानाचार्य अमित व्यास ने हर एक के लिए सदुपयोगी जानकारी छात्रों को देने व शिविर आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन हनुमान प्रसाद दवे द्वारा किया गया। इस मौके काफी तादाद में स्कूली छात्रों सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।

Comments (0)
Add Comment