सांचोर – भीषण गर्मी में शहर के वार्ड नंबर 25 में पिछले 3 महीने से अनियमित पेयजल आपूर्ति व गंदे पानी की सप्लाई से परेशान वार्डवासियों ने कांग्रेस पार्षद बीरबल विश्नोई के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया

भीषण गर्मी में शहर के वार्ड नंबर 25 में पिछले 3 महीने से अनियमित पेयजल आपूर्ति व गंदे पानी की सप्लाई से परेशान वार्डवासियों ने कांग्रेस पार्षद बीरबल विश्नोई के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।

3 महीने से आ रहा है गंदा पानी
पार्षद बीरबल विश्नोई ने बताया कि पिछले तीन महीने से पानी की आपूर्ति में गंदा पानी आता है और वो भी नियमित नहीं आ रहा है। जिसके कारण वार्ड के लोग परेशान है। उन्होंने बताया कि बार-बार नगर पालिका व जलदाय विभाग के अधिकारियों को पेयजल संकट की जानकारी देते हुए समाधान की मांग की। लेकिन अधिकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की।

अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
वहीं इसी समस्या को लेकर पार्षद सहित वार्ड के लोगों ने राज्यमंत्री सुखराम बिश्नोई को अवगत करवाया था। जिसके बाद मंत्री ने जनसुनवाई समीक्षा बैठक में जलदाय विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए समाधान के निर्देश दिए थे। लेकिन उसके बावजूद वार्ड के लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया। जिससे परेशान मोहल्ले के लोगों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।

अनिश्चितकालीन धरना रहेगा जारी
वार्ड के सुजाना राम ने बताया कि वार्ड में सीवरेज का गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है। पिछले तीन महीने से ये समस्या है अधिकारियों को बार-बार समस्या से अवगत करवाया। पिछले दो सालों से कोई कर्मचारी वॉल खोलने के लिए नहीं आता है। ऐसे में इस भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया की जब तक इस समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान धरने पर दिनेश लोल, पार्षद हरीश परमार व सुखराम गोदारा सहित वार्ड वासी मौजूद रहे।

Comments (0)
Add Comment