दक्षिण गुजरात में 25 मई से बारिश की संभावना, राज्य में 2-3 डिग्री गिरेगा तापमान का पारा

राज्यभर में पिछले दो-तीन दिनों से गर्मी में गिरावट आ रही है। ऐसे में अब राज्य में प्री मानसून गतिविधियां भी शुरू हो रही है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आगामी 25 मई से दक्षिण गुजरात में बारिश की संभावना है। जबकि राज्यभर में अभी आगामी 4-5 दिन तक गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान का पारा 2-3 डिग्री तक गिरने का अनुमान है।

इन जिलों में बारिश की भविष्यवाणी
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण गुजरात के नवसारी और वलसाड जिले में हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि केंद्र शासित प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव में भी सामान्य बारिश हो सकती है। अहमदाबाद में इस दौरान तापमान का पारा 41 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है।

इस साल राज्य में सामान्य रहेगा मानसून
इस साल गुजरात में सामान्य मानसून रहने का अनुमान है। मौसम के संदर्भ में चेतावनी जारी करने वाली निजी संस्था स्कायमेट के अनुसार गुजरात में अभी मई महीने के अंत में गर्मी का प्रमाण यथावत रह सकता है, लेकिन इसमें साधारणत: बढ़ोतरी और गिरावट देखने को मिल सकती है। केरल में 26 मई से मानसून का आगमन हो सकता है।

ऐसी स्थिति में दक्षिण गुजरात में 10 से 15 जून के बीच और 15 से 20 जून के बीच राज्य के अधिकांश इलाकों में मानसून का आगमन शुरू हो सकता है। ज्ञात हो कि बीते सप्ताह से राज्य में भीषण गर्मी से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Comments (0)
Add Comment