पथमेड़ा को मिला व्यापार उत्कृष्टता पुरस्कार, गोसेवा के क्षेत्र में विश्वविख्यात गुरु सुधांशु महाराज और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया सम्मानित

गणपत दवे बौद्धिक भारत जालोर

व्यापारी महासंघ ने पथमेड़ा की धार्मिक गतिविधियों में अहम योगदान की सराहना की

सांचौर। भारत मंडपम में आयोजित एक भव्य समारोह में विश्व की सबसे बड़े गोसेवा संस्थान श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा, श्री मनोरमा गोलोकतीर्थ पथमेड़ा को व्यापारी महासंघ द्वारा व्यापार उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार विश्वविख्यात आध्यात्मिक गुरु सुधांशुजी महाराज और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कर-कमलों से श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीईओ) आलोक सिंहल को प्रदान किया गया। इस अवसर पर व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघी भी उपस्थित रहे।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता जावेरी ने बताया कि व्यापारी महासंघ से जुड़े लाखों व्यापारियों ने देश की आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पथमेड़ा जैसी धार्मिक संस्था द्वारा गोसेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। पथमेड़ा ने न केवल धार्मिक गतिविधियों में बल्कि व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में भी एक मिसाल पेश की है।

पथमेड़ा की सेवा गतिविधियां एक विस्तृत विश्लेषण

पथमेड़ा केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि एक ऐसा केंद्र है जहां गोसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। यहां की सेवा गतिविधियां इतनी व्यापक हैं कि इसने न केवल धार्मिक भावनाओं को प्रेरित किया है बल्कि अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया है। लाखों गोवंश के लिए प्रतिदिन भारी मात्रा में हरे और सूखे चारे की आवश्यकता होती है। इस विशाल मांग ने स्थानीय किसानों को चारा उत्पादन की ओर प्रेरित किया है। जिससे कृषि क्षेत्र को बढ़ावा मिला है। गायों के स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार का विशेष ध्यान रखा जाता है। इस आवश्यकता ने पौष्टिक आहार उद्योग को बढ़ावा दिया है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। बीमार और घायल गोवंश के लिए औषधि की उपलब्धता सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती है। पथमेड़ा में एक व्यापक गोचिकित्सा व्यवस्था है, जिसने गोचिकित्सा क्षेत्र को बढ़ावा दिया है।

व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि

चारा, पौष्टिक आहार और औषधि की मांग ने स्थानीय बाजार को गति दी है। स्थानीय दुकानदारों, परिवहन व्यवसायियों और अन्य सेवा प्रदाताओं को इससे लाभ हुआ है। पथमेड़ा में 2000 से अधिक लोग प्रत्यक्ष रूप से और लगभग 10,000 लोग अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या कम हुई है।

दिल्ली शाखा की भूमिका

दिल्ली शाखा के संरक्षक एस एस अग्रवाल, सत्यभूषण जैन, प्रधान राकेश बिंदल, आलोक जगवायन, पुरुषोत्तम बंसल, यशपाल गुप्ता, विनय सिंहल, एन आर जैन, हंसराज रल्हन, आनंद जालान, मनीष गोयल और अन्य सदस्यों ने पथमेड़ा की सेवा गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी सक्रिय भागीदारी ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गोसेवा के प्रति जागरुकता बढ़ाई है।

Comments (0)
Add Comment