पाली शहर के पटवारी और दलाल को एसीबी ने 30 हज़ार रुपए की घूस लेते हुए
रंगे हाथों पकड़ा है। पटवारी ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक से जमीन के रिकॉर्ड में संशोधन करने के नाम पर रिश्वत मांगी थी। पाली में चार दिन में एसीबी की यह दूसरी कार्रवाई है।
एसीबी चौकी जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीरसिंह राणावत ने बताया कि रिटायर्ड शिक्षक जयराम चौधरी ने शिकायत दी कि उसकी जमीन के रिकॉर्ड में पिता के नाम आगे (सर नेम) चौधरी की जगह घांची लिखा हुआ था। इसमें सुधार के लिए आवेदन किया, लेकिन पटवारी कमलकिशोर कई दिन से चक्कर कटवा रहा था। पटवारी कमल किशोर ने नाम संशोधन के लिए 50 हजार की मांग की, 30 हज़ार में सौदा तय हुआ।
इधर, परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने आरोपी को रंगे हाथों पकडऩे का जाल बिछाया। मंगलवार को परिवादी 30 हज़ार रुपए लेकर पहुंचा। पटवारी ने यह राशि दलाल चिकुराम को देने का इशारा किया। दलाल जैसे ही रिश्वत की राशि लेकर रवाना होने लगा तो एसीबी ने पटवार घर में ही घेर लिया। पटवार घर कलेक्ट्रेट परिसर में बना हुआ है। दलाल होमगार्ड का स्वयंसेवक है।
काम नहीं आई पटवारी की चालाकी
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राणावत ने बताया कि पटवारी काफी चालक है। वह फोन पर क्लियर बात नहीं करता। परिवादी को ऑफिस बुलाकर केलकुलेटर पर घूस की राशि टाइप कर बताता है ताकि पकड़ में नहीं आए। एसीबी ने काफी सतर्कता से कार्रवाई की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।