प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत दिया जा रहा है प्रशिक्षण।
प्रथम चरण में डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए 20 प्रशिक्षणार्थियों को किया नामांकित।
प्रशिक्षणार्थियों में दिखा उत्साह और सीखने की ललक।
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय सीमा सुरक्षा बल दांतीवाड़ा में स्किल हब सेंटर का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सीमा सुरक्षा बल की 123वीं वाहिनी के समादेष्टा राजशेखर केएन, विशिष्ट अतिथि के रूप में एयरो क्लस्टर DRDO बैंगलोर की वित्तीय सलाहकार स्वर्णश्री राव राजशेखर उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ राकेश व्यास ने की।
कार्यक्रम का उद्घाटन मां शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। स्वागत भाषण में डॉ व्यास ने बताया कि कौशल विकास योजना के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय सीमा सुरक्षा बल दांतीवाड़ा में प्रशिक्षणार्थियों को डोमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जिसकी अवधि 400 घंटे की होगी। प्रशिक्षण का पहला बैच 20 उम्मीदवारों से प्रारंभ किया जा रहा है। प्रशिक्षण के उपरांत सफल उम्मीदवारों को भारत सरकार द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत लाखों युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसी क्रम में देश के 300 केंद्रीय विद्यालयों में इस प्रकार के प्रशिक्षण प्रारंभ किए जा रहे है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि समादेष्टा राजशेखर के एन एवं भारतीय रक्षा लेखा सेवा की वरिष्ठ अधिकारी स्वर्णश्री राव ने सभी प्रशिक्षणार्थियों का कौशल विकास के क्षेत्र में इस नई पहल में शामिल होने पर अभिवादन किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की पीजीटी अंग्रेजी योगिता शर्मा ने किया एवं पाठ्यक्रम संयोजक दिलीप पारंगी पीजीटी केमिस्ट्री ने सभी का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षणार्थियों में से प्रीति पुरोहित एवं बिनीता दुबे ने प्रशिक्षण हेतु नामांकित होने पर हर्ष का अनुभव करते हुए प्रशिक्षण के प्रति अपना उत्साह प्रकट किया।