बडवानी जिले में 1 से 30 जून तक बाल श्रम रोकथाम के लिए विशेष अभियान की रणनीति तैयार

रामलाल सोलंकी बौद्धिक भारत बड़वानी

जिला न्यायधीश की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सम्बन्धित विभागों की कोआर्डिनेशन बैठक

बड़वानी 31 मई 2024/बाल श्रम, यौन दुर्व्यवहार, बाल दुर्व्यवहार एवं अन्य किसी भी प्रकार के शोषण से बच्चों को बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम 1 से 30 जून तक अभियान के रूप में आयोजित किया जायेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में सचिव तथा जिला न्यायधीश मानवेन्द्र पंवार की अध्यक्षता में सम्बन्धित विभागों की एक कोआर्डिनेशन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महिला एवं बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी आर एस गुन्डिया, विशेष किशोर पुलिस इकाई के प्रभारी अधिकारी एवं एस डी ओ पी दिनेश चौहान, जिला श्रम अधिकारी अर्चना यादव, श्रम निरीक्षक लखन भंवर, ममता संस्था के किशोर सशक्तिकरण जिला समन्वयक शैलेश बैरागी, समाजसेवी संस्था जनसाहस के जिला समन्वयक रविन्द्र खांडेकर तथा एजुकेट गर्ल्स संस्था के प्रभारी ने माह भर चलने वाली गतिविधियों पर चर्चा में सहभागिता की तथा विभिन्न गतिविधियों की रुपरेखा तैयार करने में सहयोग प्रदान किया। श्रम विभाग द्वारा बाल एवं किशोर श्रमिकों को चिन्हित करके उनके पुनर्वास के लिए काम किया जायेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संरक्षण एवं देखभाल की आवश्यकता वाले बच्चों को स्पांसरशिप योजना से जोड़ने की कार्यवाही सम्पादित की जाएगी। शाला त्यागी बच्चों के पुनः प्रवेश के लिए एजुकेट गर्ल्स तथा शिक्षा विभाग प्रयास करेंगे। ममता संस्था द्वारा पोस्टर के साथ सोशल मीडिया मैसेजिंग की जाएगी तथा पीएलवी के साथ जागरूकता कार्यक्रमों में सहभागिता की जाएगी। 15 से 19 वर्ष की उम्र के शाला त्यागी बच्चों को कौशल विकास के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। जिला विधिक सेवा अधिकारी दिलीप सिंह मुजल्दे ने बताया कि यह गतिविधि राज्य सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बडवानी द्वारा जिला प्रधान न्यायधीश माननीय आनंद तिवारी के मार्गदर्शन में की जाएँगी । 1 से 30 जून तक चलने वाले इस अभियान में जिले में बच्चों के शोषण की रोकथाम के लिए जागरूकता तथा बाल श्रम के प्रकरणों में त्वरित कार्यवाही की जाएगी । विभिन्न विभागों तथा समाजसेवी संस्थाओं के समन्वय से उक्त गतिविधियाँ आयोजित की जायेंगी।

Comments (0)
Add Comment